कायमगंज/फर्रुखाबाद ।

नगर कायमगंज से सटे घसिया चिलौली गांव में मस्जिद के सामने और मुख्य रास्ते पर लगातार कूड़ा डाले जाने से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ते पर जगह-जगह कूड़ा जमा होने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के चलते आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोगों द्वारा मस्जिद के सामने तथा आने-जाने वाले रास्ते पर कूड़ा डाला जा रहा है। धीरे-धीरे कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा है, जिससे रास्ता भी प्रभावित हो रहा है। राहगीरों को गंदगी के बीच से होकर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

मस्जिद में रहने वाले मौलवी सहित अन्य लोगों को भी गंदगी और दुर्गंध के कारण संक्रमण फैलने का खतरा सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है और सार्वजनिक रास्ते पर कूड़ा डाले जाने के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, समस्या को लेकर ग्राम प्रधान और प्रशासन से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और ग्राम पंचायत मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मस्जिद के सामने और रास्ते पर जमा कूड़े को तत्काल हटवाया जाए, नियमित सफाई कराई जाए और सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा और बढ़ सकता है।