लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) के कैसरबाग थाना पुलिस (Kaiserbagh police) ने खोए और गुम हुए 12 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को समाधान दिवस के अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे। पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना की।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल मालिकों ने अपने खोए हुए फोन की शिकायत सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों और लगातार प्रयासों की मदद से कुल 12 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल विभिन्न कंपनियों के हैं, जिनमें रियलमी, ओप्पो, वनप्लस, पोको, वीवो और सैमसंग सहित अन्य ब्रांड शामिल हैं।
मोबाइल पाने वालों में लखनऊ के अलावा बहराइच, बस्ती, गोरखपुर, बाराबंकी, आजमगढ़ और बांदा समेत विभिन्न जनपदों के निवासी शामिल हैं। अपने खोए मोबाइल वापस मिलने से लोगों को राहत मिली।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राहुल कुमार नैन और कांस्टेबल विकास कुमार की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि खोए मोबाइल की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है। इस पहल से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने में मदद मिल रही है।

