फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी फर्रुखाबाद जंक्शन पुलिस ने ट्रेन में चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को 21 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार और पांच के बीच फतेहगढ़ की ओर स्थित पार्सल शेड के पास से पकड़ा गया।
जीआरपी के अनुसार, पुलिस टीम रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी और अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यक्ष एप की मदद से ट्रेन में चोरी के मामले से संबंधित दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के मामले से संबंधित एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 25/26 के तहत धारा 305(बी) और 317(2) बीएनएस में कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आरिफ पुत्र जमील खां निवासी भरतपुर, पोस्ट मंझना, थाना नवाबगंज तथा सागर पुत्र कल्लू निवासी मोहल्ला खड़ियाई, थाना मऊदरवाजा, फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।
जीआरपी के मुताबिक, मोहम्मद आरिफ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सागर का नाम भी जीआरपी फर्रुखाबाद में दर्ज एक अन्य मुकदमे के आपराधिक इतिहास में शामिल बताया गया है।
इस कार्रवाई में जीआरपी प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, कांस्टेबल अनुराग यादव और कांस्टेबल प्रिंस युवराज सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।

