उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से अंग्रेजी शराब की 1200 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। बलुआ थाना पुलिस और स्वाट टीम ने गंगा नदी पर बने बलुआ पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, तस्करों ने शराब की पेटियों को लकड़ी के बुरादे से भरी बोरियों के नीचे छिपा रखा था, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो। संदिग्ध ट्रक की तलाशी लेने पर बोरियों के नीचे बड़ी मात्रा में शराब मिली। पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी लताश और पंजाब के मोहाली जिले के निवासी विरेंद्र के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि शराब चंडीगढ़ के आसपास से लोड की गई थी और उसे बिहार ले जाया जा रहा था, जहां ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।

पुलिस ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 11,408 लीटर है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसने भेजी थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।