लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) शहर में आवास का सपना देख रहे लोगों को जल्द ही भूखंड और फ्लैट खरीदने का मौका देने जा रहा है। नैमिषनगर और वरुण विहार आवासीय योजनाओं के दूसरे चरण में दो हजार भूखंडों का पंजीकरण नवंबर के अंत तक शुरू होने की संभावना है। वहीं, शारदानगर योजना में 26 अक्तूबर से वन और टू बीएचके के 1300 फ्लैटों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
एलडीए ने नैमिषनगर और वरुण विहार योजनाओं के दूसरे चरण में भूखंडों का पंजीकरण खोलने के लिए रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) में आवेदन किया है। मंजूरी मिलते ही दोनों योजनाओं में पंजीकरण शुरू कर दिया जाएगा। आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित हो रही वरुण विहार योजना के कृष्ण खंड और केशव खंड में एक हजार भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी तरह सीतापुर रोड स्थित नैमिषनगर योजना के भार्गव खंड में भी एक हजार भूखंडों का पंजीकरण खोला जाएगा।
एलडीए की योजना है कि विधानसभा चुनाव से पहले पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लॉटरी भी निकाल दी जाए, ताकि चुनाव आचार संहिता लागू होने पर आवेदन और आवंटन की प्रक्रिया प्रभावित न हो। दूसरे चरण में भूखंडों का आकार पहले चरण की तरह 72 से 400 वर्गमीटर तक रहेगा। नैमिषनगर में भूखंडों की दर 3800 रुपये और वरुण विहार में 2800 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित है।
शारदानगर योजना में भी लोगों को किफायती आवास का अवसर मिलेगा। यहां वन बीएचके के 312 और टू बीएचके के 936 फ्लैटों के लिए पंजीकरण किया जाएगा। वन बीएचके फ्लैट की कीमत करीब नौ लाख रुपये, जबकि टू बीएचके फ्लैट की कीमत लगभग 30 लाख रुपये होगी। इच्छुक लोग एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
एलडीए ने पहले चरण की लॉटरी में असफल रहे आवेदकों को भी राहत देने का निर्णय लिया है। नैमिषनगर और वरुण विहार में जिन लोगों का पहले चरण की लॉटरी में नाम नहीं आया था, वे उसी योजना के दूसरे चरण में दोबारा आवेदन करेंगे तो उनसे पंजीकरण फॉर्म का शुल्क नहीं लिया जाएगा। सामान्य तौर पर इसके लिए 1100 रुपये देने होते हैं। ऐसे आवेदकों को दूसरे चरण में दोबारा आवेदन करने का विकल्प मिलेगा। यदि वे फिर से आवेदन नहीं करना चाहते हैं, तो उनकी जमा पंजीकरण राशि वापस कर दी जाएगी। दोबारा आवेदन करने वालों की राशि आगे की प्रक्रिया के लिए जमा रहेगी।
उधर, नैमिषनगर और वरुण विहार योजनाओं के पहले चरण में भूखंड पाने के लिए आवेदन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। एलडीए ने दोनों योजनाओं के करीब 4500 भूखंडों के लिए 24 सितंबर को पंजीकरण शुरू किया था। अब तक लगभग 26,500 लोग आवेदन कर चुके हैं। पंजीकरण की अवधि बढ़ाए जाने की संभावना कम बताई जा रही है। प्राधिकरण को कुछ बैंकों के माध्यम से पंजीकरण शुल्क जमा करने में आवेदकों को आ रही समस्याओं की जानकारी मिली है। इन खामियों को दूर करने के लिए संबंधित बैंकों को निर्देश दिए गए हैं।

