दो साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी युवती, गुरुवार दोपहर एक बजे घर से हुई थी लापता

रात में ही पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, सीओ व थाना प्रभारी रख रहे मामले पर नजर

यूथ इंडिया - ब्यूरो

हरदोई/शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के नगला भगवान गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गुरुवार दोपहर से लापता 20 वर्षीय युवती का शव गांव के बाहर स्थित तालाब में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला भगवान निवासी सुरेश कश्यप की लगभग 20 वर्षीय पुत्री सुलोचना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। इसी दौरान गांव के बाहर स्थित तालाब के किनारे युवती की चप्पल मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई।

परिजनों के अनुसार, सुलोचना पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। युवती के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने परिजनों की तहरीर पर रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया था।

शुक्रवार को तालाब में युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आंझी चौकी के उपनिरीक्षक विपिन चंद्र और कांस्टेबल हर्षित कुमार ने परिजनों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी शाहाबाद संतोष कुमार सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय घटनाक्रम की लगातार जानकारी ले रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।