लखनऊ। राजधानी में डेंगू के नए मामले सामने आने का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शहर में डेंगू के 22 नए मरीज मिले हैं। इंदिरानगर, अलीगंज और चंदरनगर क्षेत्रों में पांच-पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि चिनहट में दो नए संक्रमित मिले हैं।

डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और बचाव संबंधी गतिविधियां चला रही हैं। फैजुल्लागंज में 110 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया गया।

मिल्लतनगर और कृष्णलोक नगर में स्वास्थ्य टीमों की ओर से दवाओं का वितरण किया गया। वहीं, मोबाइल चिकित्सा इकाई ने 63 लोगों को उपचार उपलब्ध कराया।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर तथा गमलों की नियमित सफाई करें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं। बुखार होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच और उपचार कराना जरूरी है।