फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 22 अक्टूबर को मतदान पार्टियां राजकीय इंटर कॉलेज बालक, फतेहगढ़ से अपने-अपने निर्धारित मतदान स्थलों के लिए रवाना होंगी। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय, कलेक्ट्रेट, फतेहगढ़ में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी, नवाबगंज अनूप सिंह राना को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मतदान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने अथवा समस्या की सूचना देने के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 05692-234271 जारी किया गया है। मतदाता और संबंधित लोग इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

