लखनऊ। लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के वैध मतदाताओं को मतदान के लिए 23 अक्टूबर 2026 को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा। यह अवकाश मतदान दिवस पर मताधिकार का प्रयोग करने के उद्देश्य से अनुमन्य किया गया है।

रिटर्निंग अधिकारी एवं मंडलायुक्त, लखनऊ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को जारी विज्ञप्ति के क्रम में यह व्यवस्था लागू की गई है।

इसके तहत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के ऐसे सभी कर्मचारी, जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के वैध मतदाता हैं, मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवकाश के उपभोग से कर्मचारियों के अन्य अवकाशों में कोई कटौती नहीं होगी और न ही उनके वेतन में कटौती की जाएगी।

प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।