सगाई समारोह में गया था परिवार, लौटने पर टूटा मिला मुख्य गेट का ताला

सुल्तानपुर। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आयुबपुर चौराहे पर चोरों ने विजय जायसवाल के घर को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के समय परिवार के सभी सदस्य सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई।

परिवार के लोग जब घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पांच अंगूठी, एक चेन, दो मंगलसूत्र, एक छागल, एक करधनी, दो बाला और 25 हजार रुपये नकद गायब मिले। घर में चोरी का दृश्य देखकर परिवार के लोग हक्के-बक्के रह गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस चोरी से जुड़े तथ्यों की छानबीन कर रही है। घटना के बाद इलाके में चोरी की वारदात को लेकर चर्चा है।