नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) में सिंह रोड स्थित पुलिस मुख्यालय (Police Headquarters) में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) शनिवार को पहुंचे। यहां अमित शाह ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर राजधानी दिल्ली की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा चुनौतियों की समीक्षा की। बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी रहीं। चार साल से अधिक समय बाद हुए इस दौरे में पुलिस की कार्यप्रणाली और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा हुई।
इस उच्चस्तरीय बैठक में दिल्ली पुलिस के शीर्ष आला अधिकारी व कमिश्नर स्तर के तमाम दिग्गज अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों के दौरान शहर में पुलिसिंग के कामकाज, चुनौतियों व भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी चर्चा हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई और भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जुलाई में CJP के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान कथित बल प्रयोग को लेकर दिल्ली पुलिस की आलोचना हुई थी।
इस उच्च स्तरीय बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु दिल्ली पुलिस की पिछले पांच वर्षों की वर्किंग रिपोर्ट का विस्तृत मूल्यांकन करना रहा। बैठक में ड्रग्स तस्करी पर लगाम लगाने, विदेशों से आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंगस्टरों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई जैसे मुद्दों की समीक्षा की गई। इसके अलावा, अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियानों और पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
अमित शाह इससे पहले 30 अगस्त 2022 को दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे। उनके ताजा दौरे को राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

