फर्रुखाबाद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ठंडी सड़क फर्रुखाबाद में सोमवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें दो कंपनियों ने प्रतिभाग कर 54 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चयनित किया।
रोजगार मेले में वैकमेट इंडिया लिमिटेड, मथुरा और हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, अलवर, राजस्थान के प्रतिनिधि शामिल हुए। मेले में 200 रिक्त पदों के सापेक्ष 65 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया, जिसके बाद कुल 54 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों में वैकमेट इंडिया लिमिटेड, मथुरा के लिए 26 तथा हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, अलवर के लिए 28 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
मेले की व्यवस्था में संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह, रंजीत कुमार, सुमन अप्रेंटिस प्रभारी, राजकिशोर महतो, विक्रांत शर्मा सहित संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे।

