पीआरडी जवान की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, चालक बस समेत थाने पहुंचाया गया

मोहम्मदाबाद। कस्बे के मुख्य चौराहे पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बेवर डिपो की चलती बस के नीचे आने के बावजूद 72 वर्षीय महिला की जान बच गई। महिला को मामूली खरोंचें आईं। मौके पर तैनात पीआरडी जवान की सतर्कता से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बेवर डिपो की बस संख्या UP84T8716 शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे फर्रुखाबाद से लगभग 40 सवारियां लेकर इटावा जा रही थी। बस में शाहजहांपुर जनपद के थाना सिधौली क्षेत्र के गांव सिसैया निवासी 75 वर्षीय बलवीर सिंह अपनी 72 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी के साथ सवार थे। दंपती एटा जनपद के थाना नयागांव क्षेत्र के गांव अकबरपुर में अपनी पुत्री संजू के यहां नाती के जन्म पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

दोपहर करीब दो बजे बस मोहम्मदाबाद के मुख्य चौराहे पर सवारियां उतारने के लिए रुकी। बलवीर सिंह और उनकी पत्नी सुनीता देवी बस से उतर गए। बलवीर सामान लेकर बस के आगे से निकलने लगे, जबकि उनकी पत्नी उनके पीछे चल रही थीं। इसी दौरान बस चालक विजय कुमार निवासी गांव ब्यूती कला, थाना एलाऊ, जनपद मैनपुरी ने बस आगे बढ़ा दी। इससे सुनीता देवी बस के नीचे आ गईं।

चौराहे पर ड्यूटी कर रहे पीआरडी जवान केशव कुमार ने तत्काल चालक को आवाज देकर बस रुकवाई और महिला को बस के नीचे से बाहर निकलवाया। सुनीता देवी को मामूली खरोंचें आने पर उनके पति बलवीर सिंह ने राहत की सांस ली।

घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड और पीआरडी जवान बस को चालक समेत थाने ले गए। वहीं, परिचालक गौरव कुमार ने बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। बलवीर सिंह ने कोई कानूनी कार्रवाई न कराने की बात कही। इसके बाद पत्नी का प्राथमिक उपचार कराकर वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।