साईं मंदिर के पास 6 मीटर गहराई में डाली गई 600 एमएम की नई सीवर पाइपलाइन, सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरा हुआ कार्य
लखनऊ: दिवाली से पहले लखनऊ नगर निगम के जोन-7 के तीन वार्डों, लाल बहादुर शास्त्री प्रथम, इंदिरा नगर और मैथिलीशरण गुप्त के लोगों को सीवर संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। वन सिटी वन ऑपरेटर परियोजना के तहत सीवर नेटवर्क के संचालन एवं रखरखाव का कार्य कर रही संस्था सुएज की टीम ने साईं मंदिर के पास क्षतिग्रस्त 600 एमएम व्यास की सीवर पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा कर लिया है।
करीब छह मीटर की गहराई में पाइपलाइन डालने का कार्य सुएज के इंजीनियरों की निगरानी में आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ किया गया। संबंधित क्षेत्र में लगभग 50 वर्ष पूर्व आवास विकास विभाग द्वारा सीवर लाइन बिछाई गई थी। समय के साथ पुरानी पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे क्षेत्र में सीवर संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं।
नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि मौके पर नए मैनहोल का निर्माण जारी है। निर्माण कार्य जल्द पूरा किए जाने की योजना है। इसके बाद लाइन को चालू करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नई पाइपलाइन के चालू होने से क्षेत्र के 1,200 से अधिक घरों को सीवर संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
सुएज के ऑपरेशन मैनेजर सोनपाल शर्मा ने बताया, जोन-7 में पुरानी और क्षतिग्रस्त सीवर पाइपलाइन के कारण स्थानीय निवासियों को होने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए सुएज की टीम लगातार कार्य कर रही है। साईं मंदिर के पास लगभग छह मीटर की गहराई में 600 एमएम व्यास की नई पाइपलाइन डालने का कार्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरा कर लिया गया है। फिलहाल नए मैनहोल का निर्माण कराया जा रहा है। शेष कार्य पूरा कर पाइपलाइन को जल्द चालू करने का प्रयास है, जिससे क्षेत्र के 1,200 से अधिक घरों को राहत मिल सकेगी।

