सुरक्षा के मद्देनजर चाबी-पर्स तक की जांच, बिना तलाशी किसी को नहीं मिला प्रवेश
कमालगंज संवाददाता।
स्नातक और शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के लिए विकासखंड कमालगंज स्थित मतदान केंद्र पर गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए थे।
मतदान केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रवेश द्वार पर ही प्रत्येक मतदाता की सघन तलाशी ली गई। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रही कि मतदाताओं को पेन, मोबाइल फोन, पर्स और यहां तक कि मोटरसाइकिल की चाबी तक अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। पूरी जांच के बाद ही मतदाताओं को मतदान कक्ष में प्रवेश दिया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे रोड तिराहे पर बैरीकेडिंग लगाकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया था। पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात नजर आए।
चुनाव के दौरान रेलवे रोड पर भाजपा और सपा दोनों दलों द्वारा बस्ता लगाया गया था। इस दौरान भाजपा नेताओं की मतदान कर्मियों से कुछ देर के लिए कहासुनी भी हुई। भाजपा नेताओं ने मतदाताओं को वापस लौटाए जाने का आरोप लगाया, जिस पर मतदान कर्मियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि कुछ मतदाता पर्चियों पर पिन कोड गलत अंकित होने के कारण असुविधा हुई थी, बाद में सभी की पूर्ण जांच और सत्यापन के बाद मतदान सुनिश्चित कराया गया।
मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए डीआईजी जमुना प्रसाद, जिलाधिकारी अंकुर राठौर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मतदान स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन की कड़ी निगरानी और पुलिस की तत्परता के बीच पूरे दिन मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित रूप से चलती रही और अंततः शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न हो गया।


