नवाबगंज, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक के मुंह में लोहे की रॉड घुसा दी गई, जिससे उसका जबड़ा टूट गया।

थाना क्षेत्र के गांव समैचीपुर निवासी शैलेंद्र सिंह पुत्र बलवीर सिंह के साथ 14 अक्टूबर 2026 की शाम करीब पांच बजे यह घटना हुई। आरोप है कि ढूडियापुर निवासी शिवम यादव, परमनगर निवासी रमन तथा दुनाया निवासी पवन और प्रांशु शैलेंद्र को अपने साथ ले गए थे। वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद चारों ने मिलकर शैलेंद्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान उसके मुंह में लोहे की रॉड घुसा दी गई, जिससे उसका जबड़ा टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल के पिता बलवीर सिंह ने गुरुवार को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शैलेंद्र का चिकित्सीय परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिवम यादव, रमन, प्रांशु और पवन के खिलाफ मारपीट कर घायल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।