अपाचे बाइक चकनाचूर, पीड़ित ने थाने पहुंचकर दी तहरीर; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई

नवाबगंज, फर्रुखाबाद। कस्बे के बाईपास स्थित धर्म कांटा के पास शुक्रवार सुबह एक अनियंत्रित कैंटर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक बाल-बाल बच गया, जबकि उसकी अपाचे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से निकल गया।

नवाबगंज नगर के मुख्य बाजार मार्ग निवासी सौरभ गुप्ता पुत्र विमल गुप्ता शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे किसी काम से बाईपास स्थित धर्म कांटा के पास गया था। वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान अलीगंज की तरफ से तेज गति से आ रहे कैंटर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी अपाचे बाइक चकनाचूर हो गई। हालांकि, सौरभ गुप्ता हादसे में बाल-बाल बच गया।

घटना के बाद पीड़ित सौरभ गुप्ता शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी। इस संबंध में अपराध निरीक्षक ब्रजमोहन पाल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। स्थानीय सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कैंटर और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।