फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नेकपुर गुमटी के निकट हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पत्नी और तीन साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय बलबीर सक्सेना का 22 वर्षीय पुत्र लालजीत सक्सेना शुक्रवार सुबह करीब सात बजे बाइक से फतेहगढ़ की ओर जा रहा था। नेकपुर गुमटी के सामने रेलवे क्रॉसिंग के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लालजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे आवास विकास स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
लालजीत की मां सीमा हैं। उसके परिवार में पत्नी निशा और तीन साल की बेटी है। जिस उम्र में बच्ची को पिता के स्नेह और सहारे की सबसे अधिक जरूरत है, उसी उम्र में उसके सिर से पिता का साया उठ गया। पति की असमय मौत से पत्नी निशा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार का सहारा छिन जाने से घर में मातम पसरा हुआ है।
बताया गया कि लालजीत चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में तीन बहनें भी थीं। एक भाई और एक बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। अब परिवार में दो भाई शेष हैं। कम उम्र में लालजीत की मौत से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं और पीछे पत्नी व मासूम बेटी को छोड़ गया।

