संभल। बहजोई क्षेत्र के फत्तेपुर शरीफनगर गांव में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने उत्सव भवन के निर्माण में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कराई गई जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।

जांच में ईंटें मानक के विपरीत मिलीं, जबकि दीवारों की चुनाई भी निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं पाई गई। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराई थी।

जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश कुमार ने पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। रिपोर्ट में निर्माण कार्य से जुड़ी खामियों का उल्लेख किया गया है।

एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने भवन में निर्माण संबंधी अनियमितताएं सामने आने के बाद जिम्मेदारों की भूमिका पर आवाजें उठ रहीं हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर निगाहें टिकी हैं। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।