मंदिर में पूजन-अर्चन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ वाल्मीकि समाज से करेंगे संवाद
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर फतेहगढ़ के ग्वाल टोली स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 12:45 बजे मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रभारी मंत्री मंदिर में पूजन-अर्चन और आरती करेंगे। इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस दौरान वह वाल्मीकि समाज के लोगों से संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके आदर्शों, सामाजिक समरसता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
