अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव का पुतला फूंकने आए थे मुकेश पाल
पुलिस के सामने हुई हाथापाई
कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के मकरंद नगर तिराहे पर शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब हिंदुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पाल देशबन्धु अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव का पुतला फूंकने पहुंचे।
इस दौरान मौके पर पहले से मौजूद समाजवादी पार्टी के नेताओं और मुकेश पाल के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुकेश पाल ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव का पुतला फूंकने की जानकारी दी थी। इसके बाद मकरंद नगर तिराहे पर सपा नेता भानू गुप्ता, राजू यादव, शशिमा सिंह दोहरे, संजय गिहार समेत दर्जनों सपा नेता पहले से मौजूद थे। मुकेश पाल के पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पाल ने इस बीच अखिलेश यादव मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
घटना के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। घटना के चलते तिराहे पर कुछ देर तक गहमागहमी बनी रही।
सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो पिछले कुछ महीनों से हिन्दुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पाल देशबन्धु लगातार सोशल मीडिया पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को निशाना बनाए हुए हैं जिसको लेकर कन्नौज में सपा नेताओं में काफी आक्रोश था।
आज जैसे ही सपाइयों को पाल समाज के नेता मुकेश पाल के आने की जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचे सपा नेताओं ने उनके साथ मारपीट की।
घटना का वीडियो वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी ने पाल समाज के नेता की पिटाई पर दुख जताते हुए सपा पर निशाना साधा। बीजेपी आईटी सेल के जिलाध्यक्ष अभिषेक पांडे ने सोशल मीडिया पर सपा के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।

