प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी से भुवनेश्वर तक के अपने दौरे की झलक सोशल मीडिया पर साझा की। ‘बनारस से भुवनेश्वर तक… मेरा संडे’ कैप्शन के साथ साझा की गई आठ तस्वीरों में उनके दिनभर के कार्यक्रमों की झलक देखने को मिली। इन तस्वीरों में धार्मिक नगरी काशी से लेकर ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर तक का सफर शामिल रहा।

वाराणसी में प्रधानमंत्री ने भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखा। इस दौरान राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और तेजस समेत कई विमानों ने हवाई करतब दिखाए। प्रधानमंत्री ने वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के साथ भी तस्वीर साझा की। गंगा घाटों के ऊपर विमानों के प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री की तस्वीरों में वाराणसी का रोड शो और बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की झलक भी शामिल रही। उन्होंने अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन किया और वहां काम करने वाली महिलाओं से संवाद किया। इस इकाई को महिला रोजगार और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

वाराणसी के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री भुवनेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। इस परियोजना का उद्देश्य बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के लिए डिजिटल ढांचे को मजबूत करना तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षण को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री की साझा की गई तस्वीरों में एक ही दिन के दौरान हवाई प्रदर्शन, जनसंपर्क, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी विकास से जुड़े कार्यक्रमों की झलक दिखाई दी।