उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कसद गांव में डेंगू से पति-पत्नी की मौत का दुखद मामला सामने आया है। 51 वर्षीय मुकेश कुशवाह और उनकी 49 वर्षीय पत्नी दीपा को कई दिनों से तेज बुखार था। जांच में दोनों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए थे।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9:30 बजे इलाज के दौरान मुकेश कुशवाह की मौत हो गई। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि करीब तीन घंटे बाद रात 12:30 बजे उनकी पत्नी दीपा ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में इतनी कम अवधि के भीतर दो मौतों से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

गुरुवार को जब पति-पत्नी के शव गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया। इस भावुक दृश्य को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। दंपती अपने पीछे एक बेटी और तीन बेटों को छोड़ गए हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मैनपुरी के स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता के अनुसार, मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। शुरुआती जानकारी में रैपिड कार्ड टेस्ट की रिपोर्ट सामने आई है, जबकि डेंगू पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड नहीं होने की बात भी कही गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव जाकर जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि दंपती की एलाइजा जांच हुई थी या नहीं।