कम उम्र में लड़कियों को मां बनाकर छोड़ने की घटनाओं पर जताई चिंता, पहले आत्मनिर्भर बनने की दी सलाह
लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को प्रेम संबंधों में जिम्मेदारी निभाने की नसीहत देते हुए कहा कि गर्लफ्रेंड बनाओ तो उससे शादी भी करो। उन्होंने कहा कि किसी लड़की से शादी का वादा करने के बाद उसे निभाना भी जरूरी है। रिश्तों में गंभीरता और जिम्मेदारी का होना बेहद आवश्यक है।
राज्यपाल ने राजधानी लखनऊ में महर्षि सूचना प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं को जीवन में सही निर्णय लेने की सलाह दी। उन्होंने कम उम्र में लड़कियों के मां बनने और बाद में उन्हें अकेला छोड़ दिए जाने की घटनाओं पर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि 13-14 वर्ष की उम्र में किसी लड़की को मां बनाकर छोड़ देना गलत है। युवाओं को समझना चाहिए कि उनके एक गलत फैसले से किसी का पूरा जीवन प्रभावित हो सकता है। प्रेम संबंधों में विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी का होना जरूरी है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को पहले अपनी शिक्षा पूरी करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के साथ पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझना भी आवश्यक है।
समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। राज्यपाल का यह बयान युवाओं के प्रेम संबंधों, विवाह और सामाजिक जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

