- आईएसएसओ नेशनल गेम्स-2026 में जिम्नास्टिक्स में दिखाया दम
- मोहम्मदाबाद के उखरा गांव में खुशी की लहर
फर्रुखाबाद। जनपद की होनहार बेटी यशस्वी दीक्षित ने हैदराबाद में आयोजित आईएसएसओ नेशनल गेम्स-2026 में जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिता के लेवल-2 में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। मोहम्मदाबाद विकासखंड के उखरा गांव की रहने वाली यशस्वी की इस उपलब्धि से परिजनों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
इंटरनेशनल स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 23 से 25 अक्टूबर तक हैदराबाद स्थित गौडियम स्पोर्टिया स्कूल में आयोजित की गई। इसमें विभिन्न आयु वर्गों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में यशस्वी ने जिम्नास्टिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
यशस्वी हैदराबाद के गौडियम स्पोर्टिया स्कूल में कक्षा चार की छात्रा हैं। उनकी जिम्नास्टिक्स प्रशिक्षक यूक्रेन की लीलिया मैम हैं। प्रतियोगिता के दौरान गौडियम स्पोर्टिया स्कूल की निदेशक कीर्ति रेड्डी, पूर्व भारतीय जिम्नास्टिक्स टीम के प्रशिक्षक मनोज राणा, लीलिया पलक्कड़िया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आईएसएसओ नेशनल गेम्स में देश के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम वाले विद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
यशस्वी की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि छोटे गांवों से निकलकर भी प्रतिभाएं राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी सफलता से जिले के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

