फर्रुखाबाद। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को जनपदभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर विभिन्न वाल्मीकि मंदिरों में पूजन-अर्चन, भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि का स्मरण किया गया।

फतेहगढ़ के ग्वालटोली स्थित वाल्मीकि मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन तथा संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रतिभाग किया। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे रामायण के रचयिता होने के साथ ही समानता, न्याय और ज्ञान के संदेश के माध्यम से समाज को दिशा देने वाले महापुरुष थे। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।

मंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सद्भावना और सकारात्मक विचारों का संचार करते हैं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने भक्ति गीत, कविताएं तथा नाट्य प्रस्तुतियां दीं। सूचना विभाग की ओर से भेजी गई नुक्कड़ नाटक की टोलियों ने भी सामाजिक जागरूकता से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी एसके तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम. मकबूल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।