युवाओं को नौकरी के बजाय उद्योग लगाने के लिए प्रेरित करेगा स्वदेशी जागरण मंच, ‘हर घर स्वदेशी’ अभियान पर जोर

फर्रुखाबाद। सरस्वती विद्या मंदिर, श्याम नगर में स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। प्रांत संयोजक सुदीप खरे के प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत हुई इस बैठक में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, जन-जन तक स्वदेशी का संदेश पहुंचाने और युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के मुख्य वक्ता प्रांत संयोजक सुदीप खरे ने कहा कि स्वदेशी को जनआंदोलन बनाने के लिए ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ अभियान के तहत व्यापक जनजागरण की आवश्यकता है। लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल और क्षमताओं का उपयोग कर स्वयं का व्यवसाय एवं उद्योग स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता ने कहा कि आज के युवाओं की सोच में बदलाव लाकर उन्हें केवल नौकरी पाने तक सीमित रहने के बजाय रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इसके लिए ‘एक कदम उद्योग की ओर’ अभियान चलाने पर बल दिया गया। बैठक में चर्चा की गई कि जनपद के युवाओं को स्टार्टअप, स्वरोजगार तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उद्योग स्थापित करने में सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं। इससे युवाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विभाग संपर्क प्रमुख उमेश गुप्ता रहे, जबकि अध्यक्षता उदय पाल सिंह ने की। मातृशक्ति की ओर से प्रांत महिला समन्वयक जूली शुक्ला वरिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। बैठक में जिला संयोजक शिवओम दुबे, जिला महिला प्रमुख रागिनी त्रिवेदी, जिला महिला समन्वयक भारती मिश्रा, सह समन्वयक प्रियंका सक्सेना तथा पर्यावरण प्रमुख गुंजा जैन ने सहभागिता की।

इसके अलावा सामुदायिक आयोजक डूडा फर्रुखाबाद जूही शुक्ला, जिला सह संयोजक विपिन अवस्थी, विद्यार्थी प्रमुख अंकुर मिश्रा, प्रांत सह संयोजक रणवीर चौहान, इटावा विभाग प्रमुख अमरदीप मिश्रा, युवा प्रमुख चंद्रेश पाठक, हर्ष दुबे और रत्नेश मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्वेता, नेहा, पूनम, राधा दुबे, गीता तिवारी, शिल्पी सक्सेना और अंशिका यादव समेत विभिन्न महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। जीवीए ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के छात्र भी बैठक में शामिल हुए।

कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक प्रदीप मिश्रा, अखिल भारतीय सदस्य एवं प्रांत पर्यावरण प्रमुख, के सानिध्य में बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार, युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया।