फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर गरमाया माहौल, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत हाईवे पर बैठीं; शिक्षक में 81 और स्नातक में 76 प्रतिशत मतदान
मोहम्मदाबाद। कस्बे के ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। दोपहर बाद फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर सपा और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। शाम चार बजे मतदान समाप्त हुआ। शिक्षक वर्ग में 81 प्रतिशत और स्नातक वर्ग में 76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सुबह मतदान शुरू होने पर सबसे पहले कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा ने वोट डाला। सुबह 8:22 बजे एसडीएम दीपक माथुर और क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कस्बे के मुख्य चौराहे पर खुली दुकानों को बंद कराया। बूथ के नजदीक भाजपा प्रत्याशी का बस्ता लगा होने पर उसे निर्धारित दूरी पर ले जाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने बस्ता बूथ से करीब 200 मीटर दूर लगवाया।
इसी दौरान सपा नेता पंकज यादव ने शिकायत की कि सौरभ यादव का शिक्षक और स्नातक, दोनों मतदाता सूचियों में नाम होने के बावजूद उन्हें केवल एक वोट डालने दिया गया। शिकायत के बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर सौरभ यादव का दूसरा वोट डलवाया।
फर्जी मतदान के आरोपों पर आमने-सामने आए कार्यकर्ता
दोपहर तीन बजकर 15 मिनट पर सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी और सपा नेता अजीत यादव समर्थकों के साथ मतदान केंद्र के गेट पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी मतदान कराया जा रहा है। सपा नेताओं के मुताबिक, उनके कुछ मतदाता वोट डालने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके वोट पहले ही डाले जा चुके हैं। उन्होंने सीओ और मजिस्ट्रेट से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि 25 से 30 लोग अंदर घुसकर फर्जी मतदान कर रहे हैं।
शिकायत को लेकर सपा और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग किया। इसी दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता की टिप्पणी से नाराज पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत इटावा-बरेली हाईवे पर बीच सड़क पर बैठ गईं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, "दम है तो मुझे भगाओ।" इसके बाद प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने उन्हें समझाकर सड़क से उठाया और वहां से जाने के लिए कहा।
डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मतदान केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदान सेक्टर मजिस्ट्रेट हिम्मत सिंह और राघवेंद्र सिंह तथा सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह की निगरानी में कराया गया।
सुरक्षा के लिए नवाबगंज, शमशाबाद, मेरापुर, कायमगंज और जहानगंज थानों की पुलिस के साथ पीएसी, रिजर्व पुलिस बल और अग्निशमन दल तैनात रहा। मतदान केंद्र के बाहर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा नेता सचिन सिंह यादव और खिमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह समेत कई नेता व समर्थक मौजूद रहे।
शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक शिक्षक वर्ग में 81 प्रतिशत और स्नातक वर्ग में 76 प्रतिशत मतदान हुआ।

