=सरगना अति उल्लाह खां की सांठगांठ से खनन माफिया बबलू, अनिरूद्ध और कथित पत्रकार चतुर्वेदी ने खरीद डाला सिस्टम
यूथ इंडिया, फर्रूखाबाद
जिलाधिकारी डा० अंकुर लाठर के टेडी नजर के चलते जनपद भर में अवैध मिट्टी और बालू खनन वैसे तो पूरी तरह बंद है, थाना जहानगंज में मिट्टी खनन का हब माना जाने वाला भिडै़ल भी इन दिनों सन्नाटे की जद में है। लेकिन जरारी भडौसा, पतौंजा, बंथलशाहपुर, जहांगीरपुर इलाकों के कुछ शातिर दबंग और इन सबका प्रमुख संरक्षणदाता अतिउल्लाह खां आज भी अपनी बादशाहत कायम किये है। थाने में दलाल मीडिया के पूरी तरह सक्रिय होने के कारण चर्चित सिपाहियों की मदद से नहर भुट्टा इन दिनों रात का धुंधलका होते ही अवैध खनन से गुलजार हो उठता है।
थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग बहोरिकपुर में लाखों की अवैध मिट्टी कहां से आई इस बात का अभी फैसला राजस्व अधिकारियों की जांच के बाद नही हो सका है। लेकिन हकीकत यहां दूसरी है। यहां पडी मिट्टी सिरौंज निवासी खनन माफिया और अति उल्लाह के अति करीबी अनिरूद्ध दीक्षित भडौसा निवासी बबलू खां और थाने के सिपाही आदित्य और सोनू की कृपा से नहर भुट्टा से रातों रात पड गई।
यहां पडी मिट्टी की जानकारी जैसे ही प्रशासन को हुई तो इलाके के चर्चित दलालों ने मिट्टी डलवाने वाले पंप मालिक से सौदेबाजी शुरू कर दी। सूत्र बतातें हैं कि राजस्व के आलाधिकारियों ने अवैध मिट्टी खनन की अनुमति के लिए सिरे से बात खारिज कर दी और मामला वहीं रूक गया। थाना क्षेत्र के गांव जरारी भडौसा, पतौंजा, बंथलशाहपुर, जहांगीरपुर चूकिं वर्ग विशेष बाहुल्य है, वर्तमान में सरकार भारतीय जनता पार्टी की है तो वहां के वाशिंदों को सरकार का खौफ दिखाकर उनसे मामूली बातों में भी ठगी करने से चूंका नही जाता।
हांलाकि बदले माहौल में प्रभारी थानाध्यक्ष ने इस व्यवस्था पर अंकुश लगाते हुए मित्र पुलिस की परिभाषा को मजबूती दी है लेकिन थाने में कुछ लंबे समय से जमे सिपाही और यहां का दलाल मीडिया तंत्र प्रभावी होने के कारण सिरे से अंकुश नही लग पा रहा है। इस सम्बंध में उच्चाधिकारियों ने मामला गहनता से संज्ञान लिया है।

