लखनऊ। बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में राहत दिलाने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी दीपक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दीपक कुमार और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के हेड कांस्टेबल मनोज द्विवेदी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बैंक धोखाधड़ी के मामले में राहत दिलाने के बदले रिश्वत मांगने और लेने के आरोपों पर सीबीआई की दिल्ली स्थित भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने कार्रवाई की थी। मामले में दीपक कुमार की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें निलंबित किया गया है। वहीं, सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल मनोज द्विवेदी को उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम ने आरोपियों के आवासों की तलाशी ली। इस दौरान कई दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। जांच एजेंसी इन दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है, ताकि रिश्वतखोरी के मामले से जुड़े तथ्यों और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका स्पष्ट की जा सके।
मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच एजेंसी के रडार पर बताई जा रही है। सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रिश्वतखोरी के मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा बैंक धोखाधड़ी प्रकरण में राहत दिलाने के नाम पर किसी अन्य स्तर पर भी लेन-देन हुआ था या नहीं।

