चौराहे पर कहासुनी के बाद हुआ विवाद, एसकेएम महिला डिग्री कॉलेज के पास हादसा; दो युवक हिरासत में, चालक फरार

नवाबगंज, फर्रुखाबाद।

नवाबगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर मोहम्मदाबाद मार्ग पर एसकेएम महिला डिग्री कॉलेज के पास कार की टक्कर से पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। घायलों के परिजनों ने चौराहे पर हुई कहासुनी के बाद जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव बांसमई निवासी करन राघव (20) पुत्र राजेश सिंह, सौम्य राघव (18) पुत्र सोनू, वीर राठौर (16) पुत्र कौशलेंद्र ठाकुर, वैभव परमार (लगभग 20) पुत्र धनपाल निवासी रैगापुर थाना अमृतपुर और आदित्य चौहान (20) पुत्र विजय प्रताप निवासी जैनामई थाना जसराना, फिरोजाबाद दोपहिया वाहनों से जा रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदाबाद की ओर जा रही कार ने उनकी बाइकों और स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

चौराहे पर हुई थी कहासुनी

बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे नवाबगंज चौराहे पर टिक्की-पापड़ी की ठेली के पास दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद युवक अपने वाहनों से गांव की ओर निकल गए। आरोप है कि एसकेएम महिला डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आई कार ने उनके वाहनों में टक्कर मार दी।

अस्पताल में चल रहा उपचार

हादसे के बाद घायलों को फर्रुखाबाद ले जाया गया। चार घायलों को डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जबकि वैभव को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वैभव की हालत गंभीर बताई गई है।

दो युवक हिरासत में

पुलिस ने मामले में कार सवार दो युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि चालक फरार है। घायलों के परिजनों ने आरोप लगाया कि चौराहे पर हुई कहासुनी के चलते कार से जानबूझकर टक्कर मारी गई। पुलिस हादसे और आरोपों की जांच कर रही है।