मोहम्मदाबाद। संकिसा रोड पर स्थित खजुरी गांव के पास ईंट भट्ठे के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में एक युवक को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।
नींव करोरी निवासी रामू का 22 वर्षीय पुत्र शिवा गांव के अपने दोस्त अनमोल और विकास कुमार के साथ मोटरसाइकिल से मोहम्मदाबाद से घर लौट रहा था। रात करीब आठ बजे खजुरी गांव के पास स्थित एक ईंट भट्ठे के निकट सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे तीनों युवक घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस और क्षेत्रीय लोग मौके पर पहुंचे। परिजन अनमोल और विकास कुमार को मोहम्मदाबाद स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहीं, चौकी पुलिस ने घायल शिवा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
विकास की हालत गंभीर होने पर परिजन निजी वाहन से जिले के निजी अस्पताल लेकर चले गए।
शिवा की मां ममता देवी ने बताया कि घर की साफ-सफाई करने के बाद शिवा कबाड़ बेचने के लिए मोहम्मदाबाद आया था।




