मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के इटावा-बरेली हाईवे पर नगला समई मोड़ के निकट डंपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है।

नगला बबूरी निवासी हरिराम जाटव का 36 वर्षीय पुत्र जितेंद्र जाटव बाजार मुरहास कन्हिया से अपने गांव लौट रहा था। नगला समई मोड़ के पास ई-रिक्शा से उतरते समय मोहम्मदाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

राहगीरों की सूचना पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 108 एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक तिवारी ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया।

मृतक मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी विनीता गौतम, पांच बेटियां राधा (14), ज्योति (12), संध्या (10), आरती (8) और गौरी (1) तथा छह वर्षीय पुत्र कन्हैया है। हादसे में परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से घर में मातम छा गया। पत्नी विनीता गौतम और मां कृष्णा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।