फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संचालित होती मिली।
दोनों अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहगढ़, विकास खंड कार्यालय बढ़पुर, कमालगंज और मोहम्मदाबाद स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी तथा व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पूरी सतर्कता और निष्पक्षता से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने मतदान समाप्ति तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और निर्वाचन संबंधी दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

