- प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
- 21 नवंबर को प्रस्तावित तुलसी विवाह से पहले मार्ग ठीक कराने की उठाई मांग
- प्रभारी मंत्री ने दिया आश्वासन
फर्रुखाबाद। बरगदियाघाट गंगातट तक जाने वाले खराब मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग को लेकर मां गंगा सेवा समिति के पदाधिकारियों और दर्जनों श्रद्धालुओं ने प्रभारी मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को ज्ञापन सौंपा। ग्वालटोली स्थित वाल्मीकि मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
प्रभारी मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह मंदिर में आरती कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान मां गंगा सेवा समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उनसे मुलाकात कर बरगदियाघाट गंगातट तक जाने वाले मार्ग की बदहाली से अवगत कराया।
ज्ञापन में बताया गया कि रास्ता खराब होने के कारण गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी घाट पर गणेश विसर्जन, दुर्गा पूजा और तुलसी विवाह जैसे धार्मिक आयोजन भी होते हैं। ऐसे में मार्ग की खराब स्थिति श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
श्रद्धालुओं ने 21 नवंबर को प्रस्तावित तुलसी विवाह के आयोजन से पहले मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की, ताकि धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को असुविधा न हो।
प्रभारी मंत्री ने ज्ञापन देने पहुंचे लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या दूर कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान आशीष मिश्रा, किशन बाथम, सानू शुक्ला, शंकर सिंह सहित दर्जनों श्रद्धालु मौजूद रहे।
