बहराइच: बहराइच-लखनऊ राजमार्ग (Bahraich-Lucknow highway) पर जरवल रोड स्थित ओवरब्रिज (bridge) को मरम्मत कार्य के चलते एक बार फिर आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से ओवरब्रिज की मरम्मत कराई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पुल से वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।

ओवरब्रिज बंद होने से बहराइच-लखनऊ मार्ग पर आवागमन करने वाले वाहनों को जरवल क्रॉसिंग से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके चलते क्रॉसिंग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है और दिनभर जाम की स्थिति बनी हुई है। जाम के कारण राहगीरों, यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भी अतिरिक्त समय लग रहा है।

वहीं, थाना प्रभारी जरवल ने बताया कि ओवरब्रिज की मरम्मत के चलते इसे करीब एक सप्ताह तक बंद रखा जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुल के दोनों ओर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वाहनों को जरवल क्रॉसिंग की ओर डायवर्ट कर निकाला जा रहा है, ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।