फर्रुखाबाद ब्यूरो
ढिलावल-जसमई बाईपास स्थित एल्विस हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई।परिजनों ने अस्पताल में गलत इलाज और इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।घटना के बाद अस्पताल में ताला लगाकर चिकित्सक दंपती के चले जाने की बात सामने आई है।जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के रामनगर निवासी निलेश राजपूत की 30 वर्षीय पत्नी शशि प्रभा राजपूत को प्रसव पीड़ा होने पर गत रात करीब आठ बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात करीब 11 बजे ऑपरेशन से उन्होंने पुत्र को जन्म दिया। अगले दिन गत शाम करीब पांच बजे महिला की मौत हो गई।परिजनों ने कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाने को मौत की वजह बताया है।महिला के परिजनों ने अस्पताल को घेर लिया और शव अस्पताल में ही रखा रहा। मृतका के पिता मौजीराम राजपूत फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दनियापुर गांव के निवासी हैं।बताया गया कि अस्पताल डॉ.धर्मेंद्र राजपूत और उनकी पत्नी डॉ.संध्या राजपूत का है। घटना के बाद नवजात शिशु को डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला चिकित्सालय के सघन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है।सूचना पर मऊदरवाजा और कोतवाली फर्रुखाबाद थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।अधिकारियों के अनुसार मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई थी। महिला की मौत के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
