,- जलेसर में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी सरकार पर साधा निशाना
शिक्षा, आरक्षण, रोजगार और बहुजन समाज के अधिकारों का उठाया मुद्दा
एटा।आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने योगी सरकार पर शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक स्कूलों को बंद करने की दिशा में कदम उठाए गए, जबकि 20 हजार से अधिक शराब की दुकानें खोली गईं। सरकार की नीतियों से गरीब और बहुजन समाज के बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
चंद्रशेखर आजाद 29 अक्टूबर को जलेसर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के प्रभारी प्रत्याशी प्रवेंद्र कुमार के समर्थन में आयोजित विशाल कार्यकर्ता बूथ सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर अधिकारी और जिम्मेदार पदों तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। सरकार को शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य पर जवाब देना चाहिए।
सांसद ने जलेसर कस्बे की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐतिहासिक महत्व रखने के बावजूद कस्बा सड़क, जल निकासी, साफ-सफाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहा है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने की मांग की।
चंद्रशेखर आजाद ने सरकारी विभागों में खाली पड़े आरक्षित बैकलॉग पदों को तत्काल भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को संविधान के अनुसार रोजगार में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। इसके लिए विभागवार रिक्त पदों की समीक्षा कर विशेष भर्ती अभियान चलाया जाना चाहिए।
सांसद ने भाजपा के साथ-साथ वर्ष 2012 से 2017 तक सत्ता में रही समाजवादी पार्टी की सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने ओबीसी समाज के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति योजना बंद किए जाने के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि विधानसभा में बहुजन समाज पर होने वाले अत्याचार, अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व जरूरी है। पीड़ितों को न्याय दिलाने और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए राजनीतिक भागीदारी बढ़ानी होगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

