- पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के छोटे भाई के अंतिम दर्शन को पहुंचे हजारों लोग, प्रभारी मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
उरई (जालौन)। डकोर क्षेत्र के बम्होरी गांव में समाजसेवी गिरजा चरण राजपूत की अंतिम यात्रा में सोमवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के छोटे भाई और चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण सिंह राजपूत के चाचा गिरजा चरण राजपूत को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों लोग पहुंचे। इस दौरान ‘गिरजा चरण राजपूत अमर रहें’ के नारों से माहौल गमगीन हो गया। पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करते समय परिजनों और शुभचिंतकों की आंखें नम हो गईं।
सोमवार सुबह बम्होरी स्थित आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। ग्रामीणों, महिलाओं और रिश्तेदारों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। उनके बेटे अजय राजपूत पिता को याद कर बार-बार बिलख पड़े। बड़े बेटे अनिल राजपूत ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़े भाई ओमप्रकाश राजपूत उर्फ लल्लू भैया, पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत, विधायक बृजभूषण राजपूत सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
इसके बाद विशाल जनसमूह के साथ अंतिम यात्रा फार्म हाउस पहुंची। यहां पूर्वजों की समाधियों पर पुष्प अर्पित किए गए। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश सरकार के गन्ना विकास राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री संजय गंगवार, राज्यसभा सांसद बाबूलाल निषाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री भानुप्रताप वर्मा, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा और पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन समेत कई जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर डॉ. प्रशांत निरंजन, जयप्रकाश गौतम, डॉ. विनोद अहिरवार, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह मुन्नू, भाजपा नेता शीतल सिंह, सपा के पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजनारायण मिश्रा, बसपा नेता आत्माराम फौजी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की।

