फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने देर रात थाना राजेपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए दरोगा समेत नौ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में उप निरीक्षक अरविंद अवस्थी, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार, अजय कुमार, आरक्षी कुशल पाल सिंह, चालक रविंद्र कुमार, महिला आरक्षी भावना, महिला आरक्षी प्रियंका, आरक्षी दिनेश कुमार अत्री तथा हेड मोहर्रिर शिवराज सिंह शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक की ओर से की गई इस कार्रवाई में थाना राजेपुर में तैनात कुल नौ पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। हालांकि, इन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने के पीछे क्या कारण रहे, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस विभाग की ओर से कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

