- एसपी और एएसपी ने पुलिस कार्यालय में किया सॉफ्टवेयर का शुभारंभ,शिकायत नंबर से मिलेगी आवेदन की जानकारी
उरई (जालौन)। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और जनसुनवाई की निगरानी के लिए जालौन पुलिस ने ‘भरोसा’ सॉफ्टवेयर शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने पुलिस कार्यालय में फीता काटकर सॉफ्टवेयर का शुभारंभ किया।
नई व्यवस्था के तहत एसपी कार्यालय सहित सभी पुलिस कार्यालयों और थानों में जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक फरियादी को ‘भरोसा पर्ची’ दी जाएगी। इसमें आवेदक का नाम, पता, फोटो और समस्या का विवरण दर्ज होगा। पर्ची पर 10 अंकों का शिकायत नंबर भी अंकित रहेगा। इसमें पहले छह अंक आवेदन की तारीख और अंतिम चार अंक आवेदन क्रमांक दर्शाएंगे।
नाम और मोबाइल नंबर से भी मिलेगी जानकारी
फरियादी शिकायत नंबर, नाम अथवा मोबाइल नंबर के माध्यम से अपने आवेदन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। सॉफ्टवेयर और इससे जुड़े पोर्टल के माध्यम से जनसुनवाई की प्रभावी निगरानी की जाएगी। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य शिकायतों की निगरानी को व्यवस्थित करना और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।
