गोड्डा: झारखंड के गोड्डा (Godda) जिले में गुरुवार को करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सदर प्रखंड की अमरपुर पंचायत के लालडंगाल गांव में खेत के पास गिरे हाईटेंशन बिजली तार (High-tension power line) के संपर्क में आने से ससुर और बहू की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान 74 वर्षीय कन्हाई मंडल और उनकी 36 वर्षीय बहू पुतली देवी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, कन्हाई मंडल और पुतली देवी धान के खेत देखने गए थे और वहां बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान बकरी को पकड़ने के दौरान दोनों जमीन पर गिरे बिजली के तार के संपर्क में आ गए।

बताया गया कि खेत में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गिरा हुआ था। बारिश के कारण आसपास करंट फैल गया था, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों नंगे पांव खेत में गए थे।हादसा बहियार और आर्य समाज मंदिर के समीप हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों शवों को घटनास्थल से उठाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारी को मौके पर बुलाने और मुआवजे की मांग की। हालांकि, विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

बाद में स्थानीय प्रशासन की ओर से फोन पर मुआवजे का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने शवों को उठाने दिया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

दोनों शवों को बहियार से निकालकर गांव लाया गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिवार के लोग शवों से लिपटकर विलाप करते रहे। पड़ोसी और ग्रामीण शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए।एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ काफी आक्रोश देखा गया। भाजपा नेता बबलू सिंह समेत कई लोग अमरपुर गांव पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण इस तरह के हादसे हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जिले में हाईटेंशन तार गिरने से पहले भी हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बिजली विभाग से जर्जर और खतरनाक तारों की स्थिति पर ध्यान देने की मांग की। फिलहाल नगर थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव में मातम के साथ-साथ बिजली विभाग के प्रति लोगों में नाराजगी बनी हुई है।