- गंगा की स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर जोर
- जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश
फर्रुखाबाद। पांचाल घाट पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध श्रीरामनगरिया मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में मेला समिति के सदस्यों और संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्वच्छ बनाने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2027 में श्रीरामनगरिया मेला 22 जनवरी से 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। गंगा नदी के पावन तट पर पौष पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक लगने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में साधु-संत, कल्पवासी और श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन आपसी समन्वय के साथ करें और व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कराएं।
मेला समिति के सदस्यों ने गंगा नदी की निर्मलता बनाए रखने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि मेले की अवधि में गंगा में दूषित पानी का प्रवाह रोकने के लिए संबंधित विभाग प्रभावी कदम उठाएं। गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान चलाने और नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने पर भी जोर दिया गया।
समिति के सदस्यों ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की मांग करते हुए नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों, मनचलों और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने का सुझाव दिया। ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर धार्मिक अनुष्ठान कर सकें और कल्पवासियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इसके साथ ही मेला क्षेत्र में अन्ना पशुओं के विचरण पर प्रतिबंध लगाने का सुझाव दिया गया। समिति के सदस्यों का कहना था कि इससे श्रद्धालुओं के आवागमन में होने वाली परेशानी कम होगी और स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार ने मेले के आयोजन और तैयारियों से संबंधित जानकारी दी। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को विभागवार कार्ययोजना तैयार करने और उसके अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रीरामनगरिया मेला जनपद की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

