- नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में पुलिस की छापेमारी, 4 लोग हिरासत में
- आयकर विभाग जुटा नकदी की गिनती में
प्रयागराज। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में एक मकान के अंदर जमीन खोदकर निकाले गए 3 ड्रमों में 500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलने से हड़कंप मच गया। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की सूचना पर पुलिस और संबंधित विभागों की टीम सक्रिय हो गई। शुरुआती जानकारी में बरामद नकदी 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जबकि गांव में 60 करोड़ रुपये तक की चर्चा है। हालांकि, बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मकान के अंदर जमीन में छिपाकर रखे गए ड्रमों से नोटों की गड्डियां बरामद होने की सूचना पर डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को हिरासत में लिया है। संबंधित मकान को सील कर दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग की टीम नकदी की गिनती और उससे जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद धनराशि कितनी है, इसे किसने जमीन के नीचे छिपाया था और इसका स्रोत क्या है।
जमीन के नीचे इतनी बड़ी रकम छिपाकर रखने के पीछे क्या वजह थी, नकदी किसी कारोबार से जुड़ी है या इसके पीछे कोई अन्य मामला है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल बरामद नकदी की वास्तविक राशि और उसके स्रोत को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

