- 18 से 35 वर्ष तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा रोजगार का अवसर
- 12 हजार से 35 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन
लखनऊ। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय लखनऊ की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में करीब 20 कंपनियां शामिल होकर युवक-युवतियों का विभिन्न पदों पर चयन करेंगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के अनुसार रोजगार मेला सुबह 10 बजे से महेश प्रसाद डिग्री कॉलेज, विदवावा, मोहनलालगंज, लखनऊ परिसर में आयोजित होगा। इसमें 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।
रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। चयनित युवाओं को संबंधित कंपनियों की ओर से प्रतिमाह 12,000 रुपये से लेकर 35,000 रुपये तक वेतन प्रदान किया जाएगा। अलग-अलग कंपनियों में पद और योग्यता के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी होगी।
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पास, सीवी तथा मूल शैक्षिक प्रमाणपत्रों के साथ रोजगार मेले में पहुंचना होगा। अभ्यर्थी सीधे मेले में पहुंचकर भी प्रतिभाग कर सकेंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। पंजीकरण अथवा अन्य किसी असुविधा की स्थिति में अभ्यर्थी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं। रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय भी देय नहीं होगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर रोजगार प्राप्त करने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
