ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकली थी 15 वर्षीय किशोरी, बरगदिया घाट के पास मिला शव; परिवार में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद। जिले में पांच दिन से लापता 15 वर्षीय छात्रा का शव गुरुवार शाम गंगा नदी में बरामद हुआ। किशोरी बीते शनिवार को घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बीच गुरुवार शाम करीब तीन बजे उसका शव बरगदिया घाट के पास मिला।

जानकारी के मुताबिक, छात्रा शनिवार को घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकली थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में पता चला कि किशोरी गंगा नदी में कूद गई थी।

घटना के पांच दिन बाद गुरुवार को बरगदिया घाट के पास उसका शव मिलने की सूचना मिली। शव बरामद होने के बाद परिवार में शोक छा गया। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।