- 25 यूनिट रक्तदान; 25 कार्यकर्ताओं ने कराया पंजीकरण

फर्रुखाबाद। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को हुतात्मा दिवस के पावन अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) अवनेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।

शिविर में कुल 25 यूनिट रक्तदान किया गया, जबकि 25 अन्य कार्यकर्ताओं का भविष्य में रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया गया। आयोजकों ने बताया कि पंजीकृत कार्यकर्ताओं से आवश्यकता पड़ने पर संपर्क कर रक्त प्राप्त किया जा सकेगा। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री ऋषभ जी, विभाग संयोजिका दुर्गा वाहिनी विधि सिंह, जिला अध्यक्ष मुकेश बॉथम, जिला सह मंत्री प्रवीण एवं अनुज, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र, जिला कोषाध्यक्ष रुक्मंगल, जिला सह संयोजक रोहन मिश्रा, योगेंद्र सिंह, जिला मीडिया प्रभारी विनोद, जिला विशेष संपर्क प्रमुख राहुल, जिला गौरक्षा प्रमुख श्रवण दुबे, जिला बालोपासना प्रमुख विशाल एवं जिला मिलन केंद्र प्रमुख साहिल उपस्थित रहे।

इसके अलावा फतेहगढ़ प्रखंड अध्यक्ष ऋषभ, नगर सह संयोजक निहाल, प्रशांत, सिद्धांत सहित नगर में निवास करने वाले विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तमाम कार्यकर्ताओं ने शिविर में सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से संगठन के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प व्यक्त किया।