पत्नी त्योहार पर गई थीं मायके, ट्रेन की ड्यूटी पर गए थे टीटीई; अलमारी के लॉकर तोड़कर कीमती सामान ले गए चोर
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित लोको कॉलोनी में चोरों ने रेलवे के एक यात्रा टिकट परीक्षक (टीटीई) के सरकारी आवास को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मुख्य गेट और कमरे के ताले तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी के लॉकर तोड़कर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के समय टीटीई ट्रेन की ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी त्योहार के चलते मायके गई हुई थीं। बृहस्पतिवार सुबह घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव भोला नगला निवासी सुनील यादव फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन पर टीटीई के पद पर तैनात हैं। वह परिवार के साथ फतेहगढ़ की लोको कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। करवाचौथ के अवसर पर उन्होंने बुधवार सुबह अपनी पत्नी को गांव में स्थित मायके छोड़ दिया था। इसके बाद वह अपनी ड्यूटी पर चले गए। सुनील यादव कानपुर से बांद्रा टर्मिनस जाने वाली ट्रेन की चेकिंग करते हुए कासगंज की ओर रवाना हो गए थे।
बृहस्पतिवार सुबह ड्यूटी पूरी करने के बाद जब वह अपने सरकारी आवास पर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर हैरान रह गए। अंदर जाकर देखा तो कमरे के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी के लॉकर तक तोड़ डाले थे। घर में रखे सामान की तलाशी लेने पर पता चला कि पत्नी के जेवर गायब हैं। चोर मंगलसूत्र, सोने की चेन, तीन अंगूठियां और झाले समेत करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गए।
चोरों ने घर में रखे अन्य सामान को भी खंगाला और पूरा सामान बेड पर फैला दिया। अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद भी गायब मिले। घटना के बाद टीटीई ने आसपास जानकारी की, लेकिन चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं लग सका। त्योहार के दौरान घर में हुई इस चोरी से परिवार परेशान है।
सुनील यादव ने बताया कि पत्नी के मायके जाने और उनके ट्रेन की ड्यूटी पर रहने के दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। उन्होंने चोरी की घटना के संबंध में फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए आवश्यक जानकारी जुटा रही है।

