डेढ़ साल पहले किया था प्रेम विवाह; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव तुर्क ललैया में बुधवार को आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, गांव तुर्क ललैया निवासी जयवीर जाटव की पत्नी सपना (22) करीब आठ माह की गर्भवती थी। जयवीर अपनी मां लौंगश्री और पत्नी सपना के साथ हरियाणा के बल्लभगढ़ में रहकर मजदूरी करता था। तीन दिन पहले ही वह अपनी मां और पत्नी को लेकर गांव लौटा था। बुधवार को अचानक सपना की तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
सपना की सास लौंगश्री के मुताबिक, परिजन उसे लेकर अस्पताल जा रहे थे, लेकिन अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर गांव लौट आए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
सपना मूल रूप से कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव लखमीपुर की रहने वाली थी। उसने करीब डेढ़ साल पहले जयवीर के साथ आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। बताया गया कि जयवीर साइकिल से करतब दिखाने का खेल करता था। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी और बाद में दोनों ने शादी कर ली थी।
महिला की मौत की सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। सपना के पिता संजय ने ससुरालियों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और बेटी की मौत के कारणों का पता लगाने की मांग की है। वहीं, घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
इस संबंध में सीओ अजय वर्मा ने बताया कि गर्भवती महिला की अस्पताल ले जाते समय मौत होने की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

