- शिक्षा मंत्री की तस्वीर का किया दीदार
- नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का अनूठा विरोध
- संदीप सिंह की तस्वीर और ज्ञापन को सामने रखकर मनाया पर्व
लखनऊ।राजधानी में 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने इस बार करवा चौथ का पर्व अनोखे अंदाज में मनाया। लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों ने करवा चौथ के अवसर पर शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की तस्वीर का दीदार किया। इतना ही नहीं, अभ्यर्थियों ने अपने ज्ञापन को भी सामने रखकर पर्व मनाया।
अभ्यर्थियों के इस अनोखे अंदाज ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जहां करवा चौथ पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए चांद का दीदार करती हैं, वहीं शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री की तस्वीर और ज्ञापन को प्रतीकात्मक रूप से सामने रखा।
68500 शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी नियुक्ति और भर्ती संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग उठा रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि उनका संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है और जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं होता, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
करवा चौथ के अवसर पर अभ्यर्थियों द्वारा अपनाए गए इस प्रतीकात्मक तरीके की चर्चा राजधानी में हो रही है। तस्वीर और ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग तक अपनी मांग पहुंचाने का प्रयास किया।

